पंजाब के जालंधर जिले में फायरिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नूरमहल क्षेत्र में कार सवार एक युवक और युवती ने एक्टिवा स्कूटर पर सवार दो सगे भाइयों पर कथित तौर पर गोलियां चला दीं। इस हमले में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी ने दी मामले की जानकारी
डीएसपी सब-डिवीजन नकोदर ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि इस संबंध में थाना नूरमहल में एफआईआर नंबर 90, दिनांक 7 जुलाई 2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 109 और 61(2) तथा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में हरकीरत सिंह निवासी गांव सोहल जागीर, थाना शाहकोट और मनजोत कौर निवासी गांव उप्पल जागीर, थाना नूरमहल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। घटना के कारणों, आरोपियों और पीड़ितों के बीच संबंध तथा फायरिंग के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










