पंजाब के जालंधर से मानवता को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पूर्व पति पर आरोप लगाया है कि उसने पैसों के लालच में उनके 16 दिन के नवजात बच्चे को 5 लाख रुपये में बेच दिया। महिला का दावा है कि आरोपी नशे का आदी है और बच्चे की बिक्री से मिली रकम से उसने घरेलू सामान भी खरीदा।
पीड़िता के अनुसार, नवजात बच्चे को अमृतसर की एक महिला को सौंप दिया गया था। कुछ दिनों बाद उस महिला का फोन आया और उसने बताया कि बच्चे की देखभाल करना उसके लिए मुश्किल हो रहा है। उसने पैसे वापस लेकर बच्चे को वापस ले जाने की बात कही। इसी बीच आरोपी ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर नोटों की गड्डियों की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए, जिन्हें बाद में हटा दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने बच्चे के बारे में जानकारी मांगी तो उसे गुमराह किया गया। उसे बताया गया कि बच्चे की मौत हो चुकी है और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और हथियार खरीदने का दावा किया।
पीड़िता ने बताया कि करीब चार साल पहले पारिवारिक विवाद के चलते उसका तलाक हो गया था। बाद में दोनों ने अलग-अलग दूसरी शादियां कर ली थीं। हाल ही में वह गर्भवती हुई और पति से अनबन के चलते किराए के मकान में रहने लगी।
महिला के मुताबिक, 21 मई को प्रसव पीड़ा होने पर उसका पूर्व पति बच्चों को साथ लेकर पहुंचा और उसे अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके बाद जालंधर के सिविल अस्पताल में उसकी सामान्य डिलीवरी हुई।
आरोप है कि 25 मई को टीकाकरण के बहाने एक महिला को उसके कमरे पर भेजा गया। जैसे ही पीड़िता कुछ देर के लिए बाहर गई, वह महिला नवजात को लेकर फरार हो गई। चार दिन बाद एक अज्ञात महिला का फोन आया, जिसने खुद को अमृतसर निवासी बताते हुए कहा कि बच्चा उसके पास है।
मामले के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने प्रशासन से बच्चे को सुरक्षित वापस लाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।









