सीमा पार से संचालित ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए अमृतसर रूरल पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 40 ड्रग तस्करों और गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को सीमा पार से सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अब तक के महत्वपूर्ण अभियानों में से एक माना जा रहा है।
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि अमृतसर रूरल पुलिस की विभिन्न टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुख्यात ड्रग तस्कर सुखदेव सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस का फोकस उन लोगों तक पहुंचने पर है, जो सीमा पार से ड्रोन के जरिए पंजाब में हेरोइन और हथियारों की तस्करी कराने वाले गिरोह से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
डीआईजी ने कहा कि महावा और नेष्टा जैसे सीमावर्ती गांव ड्रोन के माध्यम से हेरोइन और हथियारों की तस्करी के लिए संवेदनशील क्षेत्र माने जाते हैं। इसी कारण इन इलाकों में पुलिस ने निगरानी और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। सीमापार तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के उद्देश्य से इन गांवों में नियमित रेड और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क को खत्म करना है। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई ड्रग और हथियार तस्करी में शामिल गिरोहों की कमर तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केजरीवाल का बड़ा हमला, AAP ने जारी की हेल्पलाइन










