
पंजाब में एक बड़े पुलिस एनकाउंटर की खबर सामने आई है। जालंधर देहाती क्षेत्र में दो युवकों पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपियों को जालंधर देहाती और कपूरथला पुलिस की संयुक्त टीम ने घेर लिया। यह मुठभेड़ गांव सिधवां दोनां के नजदीक हुई, जहां आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी की टांग में लग गई, जिसे मौके से विदेशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, अन्य आरोपी घने कोहरे का फायदा उठाकर तीन गाड़ियां मौके पर छोड़ते हुए फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार थाना करतारपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह ने कपूरथला पुलिस को सूचना दी थी कि किशनगढ़ के पास दो युवकों पर फायरिंग की गई है। आरोपी वारदात के बाद कई कारों में सवार होकर करतारपुर की ओर भाग रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की गाड़ियों का पीछा किया, लेकिन वे गांवों के कच्चे रास्तों से तेज रफ्तार में भाग निकले।
इसके बाद थाना करतारपुर पुलिस की सूचना पर डीएसपी सब डिवीजन कपूरथला शीतल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सर्च ऑपरेशन तेज किया। गांव सिधवां दोनां के पास आरोपियों को घेर लिया गया, जहां से उन्होंने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बरामद गाड़ियों और हथियारों की जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








