
पंजाब सरकार ने नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इस ऐतिहासिक अवसर पर सरकार ने प्रदेशभर में श्रद्धा, एकता और भाईचारे के संदेश को प्रबल करने के उद्देश्य से कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस पवित्र पर्व के तहत श्री आनंदपुर साहिब में विशेष राज्य स्तरीय समागम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें धार्मिक नेताओं और सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। इसी कड़ी में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दीपक बाली ने डेरा राधा स्वामी ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी को औपचारिक निमंत्रण पत्र भेंट किया।
इस दौरान मंत्रियों ने बाबा जी से निवेदन किया कि वे आगामी 23 नवंबर को आयोजित होने वाले “सर्व धर्म सम्मेलन” में शामिल होकर समाज को एकता, शांति और सेवा का संदेश दें। बताया जा रहा है कि यह सम्मेलन श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करने और उनके त्याग, मानवता एवं धार्मिक स्वतंत्रता के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया जाएगा।
पंजाब सरकार का कहना है कि यह आयोजन राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश करेगा। इस अवसर पर राज्यभर के गुरुद्वारों में कीर्तन दरबार, सेवा समागम और प्रभात फेरियों का आयोजन भी किया जाएगा।







