गुरदासपुर: जिले के गांव आदियां के पास पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस सनसनीखेज वारदात में होम गार्ड जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
करीब 60 घंटे तक चली जांच के बाद पुलिस ने गांव आदियां के दो और गांव आलीनंगल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। तीनों से गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
शुरुआती जानकारी में एक आतंकी संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मीडिया द्वारा लगातार संपर्क करने के बावजूद अधिकारियों ने फिलहाल बयान देने से परहेज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इलाके में अब भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों में घटना को लेकर चिंता बनी हुई है।









