
भारतीय जनता पार्टी को एक बड़े कानूनी और राजनीतिक झटके का सामना करना पड़ा है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी से जुड़े फर्जी वीडियो मामले में जालंधर की अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उक्त वीडियो को तुरंत हटाने के आदेश जारी किए हैं। अदालत ने फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट किया कि वीडियो से छेड़छाड़ की गई थी और यह पूरी तरह फर्जी व भ्रामक है।
अदालत के इस फैसले को आम आदमी पार्टी ने भाजपा की “झूठ और नफरत की राजनीति” पर करारा प्रहार बताया है। पार्टी का कहना है कि यह आदेश उन ताकतों के लिए चेतावनी है, जो राजनीतिक लाभ के लिए झूठे प्रचार और फर्जी कंटेंट का सहारा लेती हैं।
24 घंटे के भीतर हटाने के निर्देश
जालंधर अदालत ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व ट्विटर) और टेलीग्राम जैसे सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को 24 घंटे के भीतर फर्जी वीडियो हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अदालत ने यह भी साफ किया कि साइबर क्राइम विभाग से सूचना मिलने पर भविष्य में भी इस तरह की किसी भी फर्जी या भ्रामक सामग्री को बिना देरी के हटाया जाए। अदालत ने कहा कि गलत सूचना के प्रसार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अमन अरोड़ा का तीखा हमला
अदालत के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि एक बार फिर भाजपा का झूठ, फरेब और नफरत भरा एजेंडा पूरी तरह बेनकाब हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर आतिशी के नाम को जोड़कर पंजाब की धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश की।
अमन अरोड़ा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा नेताओं द्वारा यह फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा था, ताकि सियासी फायदे के लिए भ्रम और नफरत का माहौल बनाया जा सके। उन्होंने इसे पंजाब की सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की साजिश करार दिया।
पहले भी हो चुकी है फर्जीवाड़े की पुष्टि
आप पंजाब अध्यक्ष ने याद दिलाया कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा का फर्जी प्रचार उजागर हुआ हो। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी फोरेंसिक जांच में साबित हो चुका है कि कुछ भाजपा नेताओं और उनके सहयोगी दलों द्वारा प्रसारित वीडियो पूरी तरह मनगढ़ंत थे। सच्चाई सामने आने के बावजूद इन्हें लगातार फैलाया गया, जो बेहद निंदनीय है।
अमन अरोड़ा ने कहा कि जालंधर की अदालत के ताजा आदेश ने साफ कर दिया है कि ये वीडियो फर्जी, धोखाधड़ी से भरे और जनता को गुमराह करने वाले थे। अदालत का यह फैसला भाजपा की राजनीतिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
‘भारतीय झूठा पार्टी’ में बदल गई है भाजपा: आप
भाजपा पर हमला तेज करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि अदालत के आदेशों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा अब सिद्धांतों की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि झूठ और फरेब के सहारे अपनी सियासत चला रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अब ‘भारतीय जनता पार्टी’ नहीं, बल्कि ‘भारतीय झूठा पार्टी’ बन चुकी है।
उनका कहना था कि पंजाब में अपनी खोखली राजनीति को जिंदा रखने के लिए भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है और समाज में नफरत फैलाने से भी नहीं चूकती।
बिना शर्त माफी की मांग
अमन अरोड़ा ने फर्जी वीडियो को शेयर और प्रचारित करने वाले सभी नेताओं से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि चाहे वे भाजपा, कांग्रेस या अकाली दल से जुड़े हों, जिन्होंने भी इस फर्जी वीडियो को फैलाया है, उन्हें पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सियासी फायदे के लिए पंजाबियों की आस्था से खेलने की कोशिश करने वालों को अब जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। अदालत के फैसले ने उनकी साजिश को पूरी तरह उजागर कर दिया है और यह लोकतंत्र के लिए एक अहम संदेश है।








