
आदमपुर हवाई अड्डे से विमानन सेवाओं के इतिहास में पहली बार 90 सीटर चार्टर्ड फ्लाइट ने उड़ान भरी, जो जयपुर के लिए रवाना हुई। यह अब तक की सबसे बड़ी क्षमता वाली चार्टर्ड फ्लाइट है, जिसे स्पाइसजेट द्वारा संचालित किया गया। फ्लाइट दिल्ली से सुबह 7:40 बजे उड़ान भरकर 8:55 बजे आदमपुर पहुंची और फिर 9:55 बजे जयपुर के लिए रवाना हुई। इसकी ग्राउंड हैंडलिंग त्रिकुटा ट्रैवल ने सफलतापूर्वक की।
एयरपोर्ट डायरेक्टर पुष्पेंद्र कुमार निराला ने बताया कि जुलाई में इंडिगो की आदमपुर–मुंबई फ्लाइट शुरू होने के बाद यहां यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वर्तमान में आदमपुर से हिंडन, नांदेड़, बेंगलुरु और मुंबई के लिए नियमित उड़ान सेवा उपलब्ध है, जबकि एम्स्टर्डम, मैनचेस्टर और कोपेनहेगन के लिए सुविधाजनक कनेक्टिंग फ्लाइट भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा अब 24 घंटे गैर-अनुसूचित उड़ानों की सेवा देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, पंजाब पुलिस, त्रिकुटा ट्रैवल और स्टार एयर के कई अधिकारी मौजूद रहे।









