
Amarnath Truck accident in Jalandhar जालंधर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। दरअसल, अमरनाथ यात्रा पर जा रहा ट्रक अंडरब्रिज के नीचे फंस गया। जानकारी के मुताबिक, देर रात अमरनाथ यात्रा के लिए निकला एक ट्रक गाजी गुल्ला इलाके में बने रेलवे अंडरब्रिज में फंस गया। ट्रक की छत पर 2 से 3 लोग बैठे थे, जो ट्रक और अंडरब्रिज की छत के बीच फंस गए। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक अमरनाथ यात्रा पर लंगर लगाने के लिए लोगों को लेकर जा रहा था। गाजी गुल्ला इलाके में बने अंडरब्रिज से पहले गार्डर न होने की वजह से ट्रक चालक ट्रक को अंडरब्रिज के नीचे ले गया और छत कम होने की वजह से ट्रक फंस गया, जिसमें लोग दब गए। राहगीरों और रिपोर्टिंग करने आए कुछ पत्रकारों ने खुद मदद की और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
कुल 3 लोगों में से 1 व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन की लापरवाही के कारण हुआ है, क्योंकि उस जगह पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक का बोर्ड लगा होना चाहिए। लोगों का यह भी आरोप है कि पुलिस और एंबुलेंस को पहले ही सूचना देने के बावजूद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एंबुलेंस समय पर पहुंची।








