पंजाब पुलिस की “वॉर अगेंस्ट गैंगस्टर्स” मुहिम के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कथित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दावा किया है कि पाकिस्तानी ISI हैंडलर के निर्देश पर पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने एक संभावित बड़े हमले को टालने का दावा किया है।
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि 20-21 जुलाई 2026 की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिस पोस्ट चमियारी के गेट के बाहर हमला किया था। घटना के बाद अजनाला थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और खुफिया सूचना से मिली सफलता
एसएसपी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सीआईए टीमों ने आधुनिक तकनीक और खुफिया इनपुट की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान 30 जुलाई 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदीप सिंह, प्रदीप सिंह, करणवीर सिंह और एक नाबालिग सुखदीप सिंह के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया के जरिए ISI हैंडलर के संपर्क में आया मुख्य आरोपी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मंदीप सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से एक पाकिस्तानी ISI हैंडलर के संपर्क में आया था। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर हमले की योजना बनाई।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले पुलिस पोस्ट पर पेट्रोल बम से हमला किया था और इसके बाद दो अन्य पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिसकर्मी की हत्या के बदले तय हुई थी रकम
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कथित पाकिस्तानी हैंडलर ने एक पुलिसकर्मी की हत्या के बदले 15 हजार रुपये एडवांस और काम पूरा होने पर 50 हजार रुपये देने का वादा किया था।
आरोपियों ने हमले से पहले पुलिसकर्मियों की गतिविधियों की रेकी भी की थी और उनकी आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
हथियार और मोटरसाइकिल बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, एक पिस्टल तथा अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा क्या इसके विदेशी आतंकी संगठनों से भी संबंध हैं।
SSP बोले- कानून व्यवस्था बिगाड़ने की हर साजिश होगी नाकाम
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की हर कोशिश का मजबूती से जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर, आतंकवादी तत्वों और विदेशी हैंडलरों के गठजोड़ को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।












