आम आदमी पार्टी (AAP) के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मालविंदर सिंह कंग ने शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पंजाब के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े तीन महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपे। इस दौरान उन्होंने लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने और राज्य में रेल सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की।
मालविंदर कंग ने कहा कि पंजाब के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान रेलवे मंत्रालय की प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में पंजाब सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
नवांशहर रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज की मांग
बैठक के दौरान सांसद कंग ने शहीद भगत सिंह नगर जिले के करयाम रोड स्थित नवांशहर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की मंजूरी देने की मांग उठाई।
उन्होंने बताया कि यह रेलवे फाटक प्रतिदिन करीब 8 से 10 घंटे तक बंद रहता है, जिससे राहों, घुमाण, करयाम, बेली, बाड़ा पिंड, भाओवाल, टपरियां बास सहित कई गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक फाटक बंद रहने से एम्बुलेंस सेवाएं, किसानों की आवाजाही और दैनिक यातायात गंभीर रूप से प्रभावित होता है।
बसियाला रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग
सांसद कंग ने होशियारपुर जिले के बसियाला रेलवे क्रॉसिंग (सी-62) का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्री से यहां पर्याप्त रेलवे स्टाफ की तैनाती, सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि रेल सेवाएं दोबारा शुरू होने और ट्रैक के विद्युतीकरण के बाद यह बिना पर्याप्त सुरक्षा वाली रेलवे क्रॉसिंग स्कूल बसों, एम्बुलेंस, कृषि मशीनरी और आम यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन गई है।
श्री चमकौर साहिब और बलाचौर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग
मुलाकात के दौरान मालविंदर सिंह कंग ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले श्री चमकौर साहिब को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की पुरानी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि यह स्थान सिख इतिहास में विशेष महत्व रखता है, लेकिन आज भी रेल संपर्क से वंचित है।
इसके अलावा उन्होंने बलाचौर विधानसभा क्षेत्र तक रेलवे नेटवर्क का विस्तार करने की भी मांग की। कंग का कहना है कि इससे क्षेत्रीय विकास, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
रेल मंत्री ने सकारात्मक विचार का दिया भरोसा
मालविंदर सिंह कंग के अनुसार, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद ने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं को जल्द मंजूरी मिलेगी और पंजाब के लोगों को रेलवे सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा, बेहतर परिवहन व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इन परियोजनाओं को जल्द लागू किया जाना आवश्यक है।












