लुधियाना में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के चर्चित मामले में कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कारोबारी के मालिक की फोटो का दुरुपयोग कर करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में राजस्थान से एक आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानवेंद्र सिंह, निवासी जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया था। फिलहाल मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और डिजिटल सबूतों की गहन जांच जारी है।
फर्जी फर्म बनाकर रची गई थी साजिश
साइबर सेल के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी फर्म तैयार की। इसके बाद उसने कारोबारी के मालिक की फोटो का इस्तेमाल कर उसके मैनेजर से संपर्क किया और एक दूसरी कंपनी के साथ लाभदायक बिजनेस डील का झांसा दिया।
आरोप है कि विश्वास में लेकर मैनेजर से करीब 2.5 करोड़ रुपये अलग-अलग माध्यमों से ट्रांसफर करवा लिए। जब धोखाधड़ी का पता चला तो पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रेल के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अब तक पीड़ित के करीब 18 लाख रुपये रिकवर कर लिए गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
कारोबारियों को पुलिस की सलाह
पुलिस ने कारोबारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बड़ी वित्तीय लेन-देन से पहले कॉल, मैसेज या ईमेल की पूरी तरह पुष्टि करें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।












