पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरदासपुर जिला पुलिस ने जिला जेल में व्यापक औचक तलाशी अभियान चलाया। यह विशेष सर्च ऑपरेशन एसएसपी गुरदासपुर आदित्य के निर्देश पर डीएसपी सिटी शहबाज सिंह की अगुवाई में आयोजित किया गया।
अभियान में सिटी थाना प्रभारी दविंद्र प्रकाश, सदर थाना प्रभारी अमनदीप सिंह सहित विभिन्न पुलिस विंगों के अधिकारी और 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल रहे।
दो घंटे तक चली गहन तलाशी
पुलिस के अनुसार यह औचक चेकिंग दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चली। इस दौरान जेल की सभी बैरकों, कैदियों के सामान, चक्कियों, रसोईघर, महिला वार्ड, शौचालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर रहा पूरा फोकस
एसएसपी आदित्य ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की अवैध या प्रतिबंधित वस्तु की मौजूदगी को रोकना था। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जेल के प्रत्येक हिस्से का गहन निरीक्षण किया।
कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक, पूरे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि जेल प्रशासन के सहयोग से यह अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
एसएसपी ने कहा कि जेलों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के औचक सर्च अभियान चलाए जाते रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था और जेल की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो










