पंजाब सरकार की शिक्षा सुधार पहल के तहत कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को जालंधर के दो सरकारी स्कूलों के 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।
मंत्री मोहिंदर भगत ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, बस्ती मिठ्ठू और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉडल हाउस में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल बैग सौंपे।
गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को मिलेगा लाभ
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लगातार शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। स्कूल बैग वितरण जैसी योजनाओं से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाया जा रहा
मोहिंदर भगत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं, बेहतर कक्षाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को निजी स्कूलों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है और आज सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और ईमानदारी से उसे हासिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है और यही उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती है।
तीन स्कूलों के विकास के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
मोहिंदर भगत ने कार्यक्रम के दौरान सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बस्ती मिठ्ठू, सरकारी प्राइमरी स्कूल, बस्ती मिठ्ठू और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉडल हाउस के विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये, यानी कुल 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इन निधियों का उपयोग स्कूलों के बुनियादी ढांचे और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने में किया जाएगा।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर काउंसलर मुकेश सेठी, विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।










