पंजाब में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना अमृतसर देहात क्षेत्र में उस समय हुई, जब बस वाघा बॉर्डर की ओर जा रही थी। घटना के दौरान बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अमृतसर देहात पुलिस ने इस मामले में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार लगाकर रोकी बस, चालक और स्टाफ से की हाथापाई
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रास्ते में दो युवक कार से आए और बस के आगे वाहन लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने बस चालक और स्टाफ के साथ गाली-गलौज की तथा हाथापाई की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों युवक अपनी कार से बेसबॉल बैट और गंडासा निकाल लाए और हमला करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
बस में 45 श्रद्धालु थे सवार
घटना के समय बस में करीब 45 श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे। इनमें अधिकांश महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। शिकायत के मुताबिक, बस में मौजूद एक दिव्यांग श्रद्धालु को भी धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे यात्रियों में भय का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अमृतसर देहात पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










