विदेश जाकर परिवार का भविष्य संवारने का सपना लेकर सर्बिया पहुंचे पंजाब के एक युवक की अचानक मौत हो जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नवांशहर जिले के गढ़ी अजीत सिंह गांव निवासी सुखवीर राम उर्फ सोनू धीर का सर्बिया में कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि सुखवीर रोजी-रोटी कमाने के उद्देश्य से सर्बिया गया था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह चार बहनों का इकलौता भाई था और अपने पीछे दो मासूम बच्चों, पत्नी तथा बुजुर्ग विधवा मां को छोड़ गया है।
गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
विदेश से कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव लाया गया। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित मौजूद रहे। धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार सुखवीर परिवार का प्रमुख सहारा था। उसकी अचानक मौत से पत्नी, बच्चों और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।










