पंजाब के फगवाड़ा के निकट स्थित गांव चक्क हकीम में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक विवाहित महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान कुलविंदर कौर के रूप में हुई है, जो अपने पति दविंदर सिंह के साथ गांव चक्क हकीम में किराये के मकान में रहती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएसपी फगवाड़ा सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घरेलू विवाद के चलते हुई वारदात की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुलविंदर कौर एक फैक्ट्री में काम करती थीं, जबकि उनके पति दविंदर सिंह मिस्त्री का काम करते हैं। जांच के दौरान यह भी पता चला कि दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आरोप है कि घरेलू झगड़े के दौरान दविंदर सिंह ने पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार
हत्या की घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक वह अपने पैतृक गांव लंगेरी की ओर भाग गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
परिजनों के बयान के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
डीएसपी फगवाड़ा ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्हीं के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










