लुधियाना। पंजाब के लुधियाना स्थित नेशनल हाईवे पर लाडोवाल चौक में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राले ने आगे चल रही एक फॉर्च्यूनर एसयूवी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में सवार एक ही परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जबकि ट्राला अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया और हाईवे की दूसरी लेन तक पहुंच गया। दुर्घटना के बाद दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल पुलिस मौके पर पहुंची और ट्राला चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
हेमकुंड साहिब से लौट रहा था परिवार
जांच अधिकारी थानेदार मनजीत सिंह ने बताया कि फॉर्च्यूनर में सवार परिवार श्री हेमकुंड साहिब में माथा टेकने के बाद पठानकोट लौट रहा था। इसी दौरान लाडोवाल चौक के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्राला पहले फुटपाथ पर चढ़ा और फिर हाईवे की दूसरी सड़क पर पहुंच गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
बड़ा हादसा टला, स्कूल के बच्चे पहले ही निकल चुके थे
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय एक बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही मिनट पहले हाईवे किनारे स्थित सरकारी स्कूल में छुट्टी हुई थी और अधिकांश बच्चे सड़क पार कर अपने घरों की ओर जा चुके थे। यदि हादसा कुछ मिनट पहले होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
पति-पत्नी समेत बच्चे घायल
फॉर्च्यूनर में पति-पत्नी और उनके करीब पांच बच्चे सवार थे। हादसे में कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास ले जाया गया। सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बयानों के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने ट्राला चालक को हिरासत में लेकर थाना लाडोवाल पहुंचाया है। अधिकारियों का कहना है कि फॉर्च्यूनर चालक के बयान दर्ज करने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।










