पंजाब के खरड़ क्षेत्र में डिक्री के नाम पर खेले जाने वाले ठगी के खेल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव संते माजरा में मोबाइल की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार को शातिर ठगों ने जुए के नाम पर अपने जाल में फंसाकर 75 हजार रुपये और दो सोने की अंगूठियों से हाथ धोना पड़ा। मामले में थाना सदर खरड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सदर खरड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह के अनुसार, दरपन सिटी, खरड़ निवासी सिकंदर चौधरी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह गांव संते माजरा में गुरुद्वारा साहिब के सामने ‘चौधरी कम्युनिकेशन’ नाम से मोबाइल की दुकान संचालित करता है।
शिकायत के मुताबिक, 26 जून की सुबह करीब 10:25 बजे वह अपनी दुकान की सफाई कर रहा था। इसी दौरान तीन युवक उसकी दुकान पर पहुंचे और कुछ देर बाद एक बुजुर्ग भी वहां आ गया। इसके बाद आरोपियों ने प्लास्टिक की डिक्रियों के जरिए जुए जैसा खेल शुरू किया।
पीड़ित का आरोप है कि गिरोह के सदस्य आपस में मिलीभगत कर लगातार जीतने का नाटक करते रहे, जिससे उसे भी दांव लगाने के लिए प्रेरित किया गया। जब वह उनके झांसे में आ गया तो आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उससे 75 हजार रुपये ठग लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी एक सोने की अंगूठी भी धोखे से अपने कब्जे में ले ली, जबकि दुकान के काउंटर पर रखी दूसरी सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलने के बाद थाना सदर खरड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।










