पंजाब के गुरदासपुर जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। थाना सदर क्षेत्र के गांव चोर सिद्धवां में सोमवार देर रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मौजूदा सरपंच मनजिंदर सिंह के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
आधी रात को पहुंचे बदमाश, गेट पर बरसाईं गोलियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरपंच के घर पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर घर के मुख्य गेट के सामने पहुंचा और अचानक कई राउंड फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह सामने आया फायरिंग का पता
सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे घर लौटे थे। करीब डेढ़ बजे कुछ तेज आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने इसे पटाखों की आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया। सुबह उठने पर घर के अंदर खाली कारतूस पड़े मिले और मुख्य गेट पर गोलियों के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना सदर पुलिस को सूचना दी।
चार खाली खोल बरामद, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही डीएसपी शाहबाज सिंह और थाना सदर गुरदासपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खाली खोल बरामद किए हैं, जबकि घर के मुख्य गेट पर गोलियों के दो निशान मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिरौती या रंजिश से किया इनकार
सरपंच मनजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें कभी किसी प्रकार की फिरौती की कॉल नहीं मिली और न ही उनकी किसी के साथ ऐसी व्यक्तिगत रंजिश है, जिसके चलते उन पर हमला किया जाए। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।










