पंजाब में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को पूरे पंजाब में किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई थी और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहा। हालांकि 19 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
आईएमडी के मुताबिक 19 जून को फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, संगरूर, बरनाला, लुधियाना, मोगा, पटियाला और एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है।
20 और 21 जून को भी जारी रहेगा खराब मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 20 और 21 जून को भी पंजाब के कई इलाकों में मौसम खराब बना रह सकता है। खासकर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर और अन्य सीमावर्ती जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि तेज हवाओं और आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें।
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं के प्रभाव से पंजाब में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।









