पंजाब की भगवंत मान सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। अब राज्य सरकार सालासर बालाजी-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन की भी मुफ्त तीर्थ यात्रा कराएगी। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जालंधर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की।
उन्होंने बताया कि अभी तक पंजाब सरकार दो तीर्थ यात्रा रूटों पर श्रद्धालुओं को मुफ्त दर्शन करवा रही थी। पहले रूट में श्री दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और भगवान वाल्मीकि मंदिर के दर्शन करवाए जाते हैं, जबकि दूसरे रूट में श्री आनंदपुर साहिब और नैना देवी मंदिर की यात्रा कराई जाती है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए अब तीन नए धार्मिक रूट भी जोड़े जा रहे हैं।
सरकार उठाएगी पूरा खर्च
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन तीर्थ यात्राओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी। इसके लिए विशेष वोल्वो बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी श्रद्धालु इन धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, वे इस सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं।
पटियाला के काली माता मंदिर का हो रहा कायाकल्प
कार्यक्रम के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पटियाला स्थित प्रसिद्ध श्री काली माता मंदिर के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब 85 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना सितंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पंजाब में मुफ्त होगा आशुतोष राणा का चर्चित नाटक ‘हे राम!’
अरविंद केजरीवाल ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से पूरे पंजाब में अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाटक ‘हे राम!’ का मंचन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह नाटक रामायण के विभिन्न प्रसंगों और भगवान राम व रावण के बीच हुए संवादों पर आधारित है। दिल्ली सहित देश के कई शहरों में यह नाटक काफी लोकप्रिय रहा है, जहां इसकी टिकटें हजारों रुपये में बिकती थीं।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार इसे राज्य के लोगों के लिए पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराएगी। अलग-अलग शहरों में इसके कई मंचन होंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इसका आनंद ले सकें।
धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने पर जोर
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ लोगों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस और गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को भी विशेष रूप से मनाया जा रहा है।









