पटियाला। पटियाला में कुछ दिन पहले नीले रंग के ड्रम में युवती का शव मिलने से फैली सनसनी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। सी.आई.ए. स्टाफ और थाना अर्बन एस्टेट पुलिस की संयुक्त टीम ने इस हत्याकांड में मृतका नेहा के प्रेमी विराट कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 26 मई को डी.सी.डब्ल्यू. पुल के पास कूड़े के ढेर के नजदीक एक नीले रंग के ड्रम से युवती का शव बरामद हुआ था। शव को सबसे पहले कूड़ा एकत्र करने वाले शंकर नामक व्यक्ति ने देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सी.आई.ए. स्टाफ प्रभारी प्रदीप सिंह बाजवा और थाना अर्बन एस्टेट के एसएचओ गुरप्रीत सिंह समराऊ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतका की पहचान उसके भाई बबलू शेखर ने नेहा के रूप में की।
पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 238 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती दौर में पुलिस के पास आरोपी तक पहुंचने के लिए कोई ठोस सुराग नहीं था।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का सहारा लिया। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर लोकेशन, डंप डाटा और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। लगातार छापेमारी और सघन जांच के बाद पुलिस ने आरोपी विराट कश्यप को सुखराम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मामले से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।








