अमृतसर में रविवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे पंजाब पुलिस के एक एएसआई की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है, जबकि इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतक पुलिस कर्मचारी की पहचान एएसआई जोगा सिंह के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह सुबह ड्यूटी के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अमृतसर के मजीठा क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल एएसआई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है।
इस घटना के बाद पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पूरे इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्धों की जांच की जा रही है।








