पंजाब के कपूरथला स्थित केंद्रीय जेल में शनिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कैदियों के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बैरक नंबर-4 में शुरू हुए इस झगड़े ने पूरे जेल परिसर को तनावपूर्ण बना दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और जेल प्रशासन को कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक बंदी के समय कैदियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो कुछ ही देर में बड़े संघर्ष में तब्दील हो गई। सूत्रों का दावा है कि हालात पर काबू पाने के लिए 7 से 8 राउंड फायर किए गए। घटना के बाद जेल के भीतर भगदड़ और डर का माहौल बन गया।
स्थिति को गंभीर होते देख जेल प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाया। बताया जा रहा है कि आसपास के जिलों से भी पुलिस फोर्स कपूरथला रवाना की गई है ताकि हालात को जल्द नियंत्रित किया जा सके। जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह सख्त कर दी गई है और किसी भी बाहरी व्यक्ति की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी और डीआईजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों द्वारा लगातार हालात की निगरानी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार कुछ कैदियों के हाथों में मशालें भी देखी गईं, जिससे जेल परिसर में तनाव और बढ़ गया। हालांकि झगड़े के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
इस पूरे मामले में एसएसपी कपूरथला का बयान भी सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल ब्रेक जैसी कोई घटना नहीं हुई है। उनके अनुसार यह कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प थी, जिस पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।







