चंडीगढ़ अब धीरे-धीरे पारंपरिक “जल्दी बंद होने वाले शहर” की छवि से बाहर निकलकर 24×7 लाइफस्टाइल की ओर बढ़ रहा है। शहर में नाइट इकोनॉमी का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट, कैफे, फूड चेन और रिटेल आउटलेट्स रातभर सेवाएं देने की तैयारी में हैं।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक 179 से अधिक प्रतिष्ठानों ने लेबर विभाग, यूटी प्रशासन के पास 24 घंटे संचालन की अनुमति के लिए आवेदन या अंडरटेकिंग जमा करवाई है। पिछले साल यह संख्या केवल 48 थी, यानी एक साल में इसमें कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बड़े ब्रांड्स भी 24×7 मॉडल की ओर
इस सूची में McDonald’s, KFC, Domino’s Pizza, Pizza Hut, Subway, Baskin-Robbins और Yo! China जैसे बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड शामिल हैं।
इसके अलावा 24 Seven ने सेक्टर 15, 22, 26, 35 और 38 में अपने लेट-नाइट स्टोर्स का विस्तार किया है।
ब्लिंकिट और ग्रॉसरी डिलीवरी की बढ़ती मांग
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit ने भी सेक्टर 17, 34, 37 और बरैल क्षेत्र में 24×7 संचालन के लिए आवेदन किया है। इससे साफ है कि अब ग्रॉसरी और जरूरी सामान की मांग पारंपरिक समय सीमा से आगे बढ़ चुकी है।
कैफे और फूड जोन भी रातभर रहेंगे एक्टिव
चंडीगढ़ की कैफे और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। Classic 44, Baba Chicken, Chai Sutta Bar, The Belgian Waffle Co. और कई स्थानीय ब्रांड अब रातभर सेवाएं देने की दिशा में बढ़ रहे हैं।
सेक्टर-8 की इनर मार्केट अब लेट-नाइट फूड जोन के रूप में उभर रही है। वहीं World of Wings, Tikka World और अन्य आउटलेट्स रातभर ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं।
बदल रही है शहर की लाइफस्टाइल
विशेषज्ञों का मानना है कि बदलते उपभोक्ता व्यवहार, फूड डिलीवरी ऐप्स और सुविधा आधारित रिटेल की बढ़ती मांग के चलते चंडीगढ़ तेजी से 24×7 कमर्शियल हब बनता जा रहा है। सेक्टर 15, 22, 26, 34 और 35 अब शहर की बढ़ती नाइट इकोनॉमी की नई पहचान बनते जा रहे हैं।








