लुधियाना के थाना बस्ती जोधेवाल इलाके में तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब नकाबपोश बदमाशों ने नूरवाला रोड स्थित सरताज नगर में एक्सिस बैंक के ATM को निशाना बना लिया। बदमाश ATM मशीन को गैस कटर से काटकर कैश लूटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मुंबई कंट्रोल रूम से मिले लाइव अलर्ट ने उनकी पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।
मुंबई कंट्रोल रूम से आया अलर्ट, तुरंत हरकत में आई पुलिस
जानकारी के अनुसार 4 से 5 बदमाश देर रात एक्सिस बैंक ATM में घुसे और आधुनिक गैस कटर की मदद से मशीन काटनी शुरू कर दी। गैस कटर की तेज गर्मी से ATM मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इसी दौरान बैंक के मुंबई स्थित मुख्य कंट्रोल रूम में ऑटोमैटिक सिक्योरिटी अलर्ट ट्रिगर हो गया। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। अलर्ट मिलते ही थाना बस्ती जोधेवाल की PCR टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
सायरन सुनते ही भागे बदमाश, पुलिस ने किया पीछा
जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, सायरन की आवाज सुनकर बदमाश घबरा गए और कैश वहीं छोड़कर अपनी कार में फरार होने लगे। पुलिस टीम ने भी तुरंत उनका पीछा शुरू कर दिया।
भागने की जल्दबाजी में आरोपी अपनी गाड़ी एक बंद गली में ले गए। जब उन्होंने कार को पीछे मोड़ने की कोशिश की तो पीछा कर रही पुलिस गाड़ी ने रास्ता रोक दिया।
ASI पर हमला, बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
पुलिस के अनुसार जैसे ही PCR में तैनात ASI आरोपियों को पकड़ने आगे बढ़े, बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
मौके पर मौजूद दूसरे पुलिस कर्मियों ने आसपास के लोगों को आवाज लगाकर मदद मांगी, लेकिन अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों के कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।








