पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में अब मोहाली के नयागांव स्थित माजरी तहसील कॉम्प्लेक्स में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। रेड की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सरकारी दफ्तरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम तहसील कॉम्प्लेक्स में मौजूद रहकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
GMADA टाउन प्लानर की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ईडी ने मोहाली के GMADA के एक टाउन प्लानर को पूछताछ के लिए जालंधर बुलाया था। लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि उसी अधिकारी से मिले दस्तावेजों और अहम इनपुट के आधार पर अब नयागांव तहसील कॉम्प्लेक्स में यह कार्रवाई की गई है।
प्रॉपर्टी डीलरों से भी पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि ईडी ने इस दौरान कुछ प्रॉपर्टी डीलरों को भी जांच के दायरे में लिया है। उनसे कथित बेनामी जमीन सौदों और मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर पूछताछ की जा रही है।
ईडी अधिकारियों ने तहसील कार्यालय से जुड़े कई रिकॉर्ड और सरकारी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पैसों से भरे बैग फेंकने वाले मामले से जुड़ रहे तार
जानकारी के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई हाल ही में मोहाली में हुई चर्चित ईडी रेड से जुड़ी हुई मानी जा रही है। उस मामले में एक बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से कथित तौर पर पैसों से भरे बैग नीचे फेंके जाने की घटना ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी थी।
ईडी अब उसी मामले की तह तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी और पूछताछ कर रही है।
लुधियाना के सब-रजिस्ट्रार दफ्तरों में भी छापेमारी
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने मोहाली जिले के ब्लॉक माजरी (न्यू चंडीगढ़) के अलावा लुधियाना के कुछ सब-रजिस्ट्रार दफ्तरों में भी रेड की है। यह कार्रवाई कथित बेनामी जमीन सौदों और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है।







