पंजाब के मोगा जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। मोगा-कोटकपूरा बाईपास पर हुए इस भीषण हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल सवार युवक बाघापुराना की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल सीधे टिप्पर के नीचे जा घुसी।
हादसे के तुरंत बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने टिप्पर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान बाइक सवार युवक आग में बुरी तरह झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।








