
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। मशहूर गायक मनकीरत औलख को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी कथित तौर पर बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल की वायरल ऑडियो के जरिए सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस ऑडियो क्लिप में गैंगस्टर खुलकर मनकीरत औलख को निशाना बनाने की बात करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में वह यह भी कहता है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हाल ही में हुए मर्डर के बाद अब अगला टारगेट सिंगर हो सकता है।
गैंगस्टर ने यह भी दावा किया कि सुरक्षा बढ़ाने या गनमैन रखने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। ऑडियो में औलख की लोकेशन और उनकी गतिविधियों पर भी टिप्पणी की गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि 18 मार्च को चंडीगढ़ सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें करीब 12 राउंड फायरिंग हुई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी भी लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी।
फिलहाल, पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई हैं। बता दें कि इससे पहले भी मनकीरत औलख को दो बार धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।








