मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में वह बिना हेलमेट पहने और दोनों हाथ छोड़कर बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मोहाली का है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया। उनका कहना है कि ऐसे वीडियो से युवाओं में गलत संदेश जाता है। कुछ लोगों ने इसे दिखावा बताया, जबकि कई फैंस ने नाराजगी जताई। कई यूजर्स ने लिखा कि जब आम लोगों का बिना हेलमेट चालान होता है, तो कलाकारों को भी नियमों का पालन करना चाहिए।
जानकारी के अनुसार गायक हार्ले-डेविडसन बाइक चला रहे थे। ट्रैफिक नियमों के अनुसार सड़क पर चलते समय हेलमेट पहनना जरूरी है। पुलिस समय-समय पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है।
अब तक इस मामले में मनकीरत औलख की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं पुलिस ने भी वीडियो पर किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है। सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है।








