
होशियारपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक मॉड्यूल का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलजोत सिंह सैनी, हरमन उर्फ हैरी, अजय उर्फ मेहरा और अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 2.5 किलो आरडीएक्स से बना एक IED, दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आतंकी मॉड्यूल विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था। बरामद किया गया IED आगामी गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।
इस मामले में गढ़शंकर, होशियारपुर में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।








