
पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फिरोजपुर और मोगा के जिला कोर्ट परिसरों को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद दोनों कोर्ट परिसरों में तत्काल अलर्ट जारी कर दिया गया। एहतियात के तौर पर कोर्ट के गेट बंद करवा दिए गए और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
जिला बार एसोसिएशन फिरोजपुर के प्रधान एडवोकेट लवजीतपाल सिंह टूरना ने बताया कि उन्हें माननीय जज साहिब द्वारा सूचना दी गई कि फिरोजपुर कोर्ट परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली है। इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए न्यायिक अधिकारियों ने निर्देश जारी किए कि कोई भी वकील, क्लर्क या क्लाइंट फिलहाल कोर्ट परिसर में प्रवेश न करे। आदेश का पालन करते हुए सभी वकील और क्लर्क कोर्ट परिसर से बाहर लौट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। फिरोजपुर कोर्ट परिसर में डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्तों के साथ व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, पहले फिरोजपुर कोर्ट को धमकी मिलने के बाद मोगा कोर्ट परिसर को भी इसी तरह की धमकी का मेल प्राप्त हुआ, जिससे पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट पर है।
फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता की जांच कर रही है। सुरक्षा कारणों से दोनों कोर्ट परिसरों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।







