पंजाब सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2026 से राज्य के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम, सालासर धाम, वृंदावन और ऋषिकेश की मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। यह सुविधा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार के तहत उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने मोहाली में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम‘ भजन संध्या में हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान घर से पिकअप, आने–जाने का परिवहन, रहने की व्यवस्था और भोजन सहित पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
सरकार उठाएगी पूरा खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीर्थ यात्रियों को उनके घर से लेकर धार्मिक स्थलों तक सुरक्षित पहुंचाने और यात्रा पूरी होने के बाद वापस घर छोड़ने तक की संपूर्ण व्यवस्था सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करना है।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना में बढ़ाए गए नए धार्मिक स्थल
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले से संचालित योजना में अब खाटू श्याम जी, सालासर धाम, वृंदावन और ऋषिकेश को भी प्रमुख रूप से शामिल किया गया है। इससे पहले योजना के तहत श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब, हरिद्वार सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे थे।
पंजाब की सामाजिक एकता पर दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब गुरु-संतों और पीरों की पावन धरती है, जहां सभी धर्मों के लोग प्रेम और भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में नफरत फैलाने की किसी भी कोशिश को पंजाब के लोग कभी सफल नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब ऐसा प्रदेश है जहां हर प्रकार की सकारात्मक सोच और विकास के बीज पनप सकते हैं, लेकिन नफरत की राजनीति के लिए यहां कोई जगह नहीं है।
सरकार की अन्य योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के लिए चलाई जा रही ‘मां–धियां सत्कार योजना‘, मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और रोजगार देने जैसी कई योजनाओं का लाभ लाखों लोग उठा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि राज्य में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, लाखों परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और स्वास्थ्य योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।












