पंजाब के गोराया के पास गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और एक्टिवा की टक्कर में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम ने तत्काल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
लुधियाना जाते समय हुआ हादसा
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल डिवाइस के माध्यम से हादसे की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वंदना, अपने बेटे आरुष और बेटी निताशा के साथ एक्टिवा पर गांव पतारा (रामा मंडी) से लुधियाना जा रही थीं।
परिजनों का आरोप है कि पीछे से आ रहे ट्रक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में निताशा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां वंदना घायल हो गईं।
SSF ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद SSF की टीम ने पीड़ित परिवार की मदद की और उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही गोराया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक व उसके चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस की मौजूदगी में मासूम बच्ची के शव को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।












