
पवेलियन मॉल चौक पर मंगलवार दोपहर एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर लड़की के साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने किन्नर का वेश धारण कर बदसलूकी की। लड़की ने आरोप लगाया कि जब उसने पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपियों ने उसे घेरकर गाली-गलौज की।
पीड़िता ने बताया कि वह एक्टिवा से घर के काम के लिए बाहर जा रही थी, तभी किन्नर के वेश में एक व्यक्ति उसके पास आया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसे घेरकर डराया और बदसलूकी की। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों से मदद लेने के प्रयास विफल रहे।
लड़की सुरक्षित घर लौटकर अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। उसके पिता, राकेश जैन, ने डिवीजन नंबर 8 पुलिस स्टेशन, पुलिस कमिश्नर और राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजी है।
राकेश जैन ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के बावजूद इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।








