शहर के व्यस्त फिरोज गांधी मार्केट में गुरुवार रात सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक प्राइवेट बैंक के मैनेजर विशाल बांसल पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने सरेआम फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल मैनेजर को गंभीर हालत में पहले सिविल अस्पताल और बाद में डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हमला?
सूत्रों के मुताबिक, घटना रात करीब 9 बजे की है। विशाल बांसल (निवासी विशाल नगर, पक्खोवाल रोड) बैंक की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी कार में लैपटॉप और जरूरी सामान रख रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
-
पहली गोली उनके दाहिने हाथ में लगी।
-
दूसरी गोली चलाने की कोशिश में हमलावरों का पिस्टल मिसफायर हो गया।
घायल मैनेजर ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ देखकर हमलावर फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली आर-पार निकल गई है और अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस की जांच
मौके से पुलिस ने एक कारतूस का खोल बरामद किया है।
-
थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
-
घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
-
पुलिस का कहना है कि हमले के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।