
मोगा: जिले में बीती रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां एक युवक की बेहरमी से गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रमेश कुमार उर्फ शशि (उम्र 30-35 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रमेश कुमार अपने दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जब वह बीयर लेने पहुंचा, तो वहां कुछ अज्ञात लोग आपस में झगड़ रहे थे। इस दौरान उनका विवाद रमेश कुमार से भी हो गया। झगड़े के दौरान अज्ञात आरोपियों ने रमेश पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि घायल रमेश को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए और उनकी तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि रमेश कुमार एक किराने की दुकान पर काम करता था और दो दिन पहले ही उसने अपने नए घर का नक्शा बनवाया था। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और रो-रोकर बेहाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।









