
कपूरथला ज़िले के रिहाना जट्टां स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में संत निरंकारी मिशन द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मिशन के श्रद्धालुओं सहित स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 124 यूनिट रक्तदान कर मानव कल्याण में अहम योगदान दिया।
शिविर का उद्घाटन संत निरंकारी मिशन लुधियाना से पधारे आदरणीय एच.एस. चावला और पठानकोट के जोनल इंचार्ज एम.एल. शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने रक्तदानियों को प्रमाणपत्र भेंट करते हुए कहा कि निरंकारी सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी ने रक्तदान को मिशन की आध्यात्मिक सेवा का अभिन्न हिस्सा बनाया। उनका संदेश “रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए” आज भी प्रत्येक निरंकारी भक्त के लिए प्रेरणा है।
प्रबंधकों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला की विशेषज्ञ टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है बल्कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के दया, सेवा और एकता के संदेश को जीवन में उतारने का जीवंत माध्यम है।
शिविर के अंत में रिहाना जट्टां शाखा के प्रमुख नरिंदर पाल सिंह और कपूरथला क्षेत्रीय संचालक सुदर्शन कुमार ने सभी रक्तदाताओं, सेवादारों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया। शिविर की विशेषता मिशन द्वारा स्वच्छता पर दिया गया विशेष ध्यान और रक्तदाताओं के लिए जलपान की उत्तम व्यवस्था रही।









