
शहर के सिविल अस्पताल में गत देर रात जमकर हंगामा होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में विवाद हो गया और इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर पर भी हमला करने की कोशिश की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को अस्पताल में बाहर निकाला और ओ.पी.डी. को बंद किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुनीता अग्रवाल ने कहा कि गत देर रात लड़ाई-झगड़े के मामले में 2 पक्ष अस्पताल एम.एल.आर. कटवाने आए थे। इस पर डॉक्टर ने कहा कि वह पहले इलाज करवा ले और बाद में पर्चा दर्ज कर लिया जाएगा। इसके बाद भी युवक पर्चा दर्ज करने पर अड़े रहे और डॉक्टर व स्टाफ नर्स पर उन्होंने हमला करने की कोशिश की। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी प्रापर्टी को भी नुक्सान पहुंचाया। डॉक्टर ने आरोप लगाए कि इस मामले को लेकर उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन लगाया पर पुलिस काफी समय बाद वहां पहुंची। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उनकी सुरक्षा के प्रबंध नहीं है।








