
जालंधर वैस्ट से अकाली दल की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवार सुरजीत कौर की मुश्किलें चुनाव खत्म होने के बाद भी बढ़ती हुई नज़र आ रही है। कारण कि पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति विंग के अध्यक्ष और पूर्व आईएएस अधिकारी सुच्चा राम लधर ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, चुनाव आयोग और पंजाब सरकार को शिकायत भेजी है। सुच्चा राम ने शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार सुरजीत कौर के जाति प्रमाण पत्र की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पेश किया गया प्रमाण पत्र फर्जी है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व आई.एस. अधिकारी का कहना है कि चुनाव के दौरान जब शिरोमणि अकाली दल ने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा की तो राजपूत (सिरकीबंद) समुदाय के लोगों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरजीत कौर के पक्ष में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि राजपूत पंजाब की जाति नहीं है और भारत सरकार द्वारा 39 अनुसूचित जातियों में अधिसूचित नहीं है।








