तरनतारन जिले में नवविवाहिता को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी करण को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी पुलिस हिरासत में दर्द से कराहता दिख रहा है। वह अपनी गलती मानते हुए माफी मांगता नजर आ रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती से शादी करना चाहता था। परिवार ने युवती की शादी किसी अन्य युवक से कर दी थी। इसी रंजिश के चलते 21 फरवरी को आरोपी ने रास्ते में दंपति को रोका। पहले पति पर हमला किया और फिर महिला के सिर पर गोली चला दी। घायल महिला का इलाज अमृतसर के एक अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए ले जाया गया था। इस दौरान उसने भागने की कोशिश की और ऊंचाई से कूद गया, जिससे उसका पैर टूट गया। जांच में पता चला है कि पिस्तौल अवैध और चोरी की थी। हथियार के असली मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और आगे की जांच जारी है।








