
पंजाब के तरनतारन में देर रात पुलिस और ड्रग तस्करों के बीच जोरदार मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जसमस्तपुर पुल के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो ड्रग तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों की पहचान अवतार सिंह उर्फ बाबा, निवासी गांव सुर सिंह, और जजप्रीत सिंह, निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। DSP डिटेक्टिव जगजीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने गांव जसमस्तपुर ड्रेन के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को रोकने का इशारा किया था। इसी दौरान वाहन सवार आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
हमले में ASI किरपाल सिंह बाल-बाल बच गए। हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, 770 ग्राम हेरोइन, 59 हजार रुपये ड्रग मनी और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की है। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








