पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मोस्ट वांटेड बदमाश बॉबी उर्फ “कबूतर” को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पर वारदात से पहले मूसेवाला की गतिविधियों की रेकी करने का आरोप है।
सूत्रों के मुताबिक बॉबी कथित तौर पर शूटर शाहरुख के संपर्क में था। शुरुआती योजना में शाहरुख को हमला करने की जिम्मेदारी दी गई थी। बताया जा रहा है कि जब उसने मूसेवाला के साथ चल रहे हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों को देखा तो पीछे हट गया। इसके बाद साजिश में बदलाव किया गया और दूसरे शूटरों को जिम्मेदारी दी गई।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस मामले के तार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे षड्यंत्र की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
गौरतलब है कि 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में सिद्धू मूसेवाला पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।









