
Jalandhar Firing : बड़ी ख़बर पंजाब के जालंधर शहर से है जहां पर एक विवाद के बाद पंजाब पुलिस के गनमैन द्वारा गोली चली दी गई है। घटना पिम्स अस्पताल के पास पॉश एरिया की है। जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। जख्मी व्यक्ति के पैर पर गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्लाट के मालिकों ने आरोप लगाया है कि उनके प्लाट पर कब्जा करने की कोशिश हुई है। वह आज यानी शनिवार को प्लाट में मिट्टी डलवाने के लिए वहां पर पहुंचे ही थे। उक्त प्लाट के सामने रहने वाले स्टीफन अपने गनमैन के साथ बाहर आ गया। जिसके बाद उसके गनमैन ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत इकट्ठा हो गए थे। वहीं, जिस गनमैन द्वारा गोली चला गई है, उसका नाम अश्विनी बताया ज़ा रहा है।
क्या कहते है इस मामले में स्टीफन कलेर
वहीं इस बारे में स्टीफन कलेर ने कहा- प्लाट मिट्टी डालने के लिए पहुंचे लोगों को प्लाट मालिक से बात करवाने के लिए कहा गया था। जिसके बाद प्लाट मालिकों से बात करवाई गई और मैं अंदर चला गया था। मगर इस दौरान उक्त प्लाट पर मिट्टी डालने आए लोगों ने गनमैन के साथ लड़ाई शुरू कर दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने मारपीट करने की कोशिश की, जिसके चलते गनमैन ने बचाव करते हुए गोली चलाई थी।
क्या कहते है पुलिस अधिकारी
एसीपी जगरूप कौर ने कहा- घटना स्थल पर गोली चलने की सूचना मिली थी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। एसीपी ने माना की सरकारी कर्मी की ओर से गोली चलाई गई है। मौके पर लोगों ने गोली का खोल भी बरामद किया है। वहीं, एसीपी जगरूप ने कहा- फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले अगली कार्रवाई की जाएगी।









