
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शृंगार सिनेमा रोड स्थित शाखा में करोड़ों के वित्तीय लेन-देन के बीच एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक की एक महिला कर्मचारी पर अपने पद का दुरुपयोग कर खातों में हेरफेर करते हुए करीब 37.78 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है।
आरोपी की पहचान अमनदीप कौर, निवासी दुगरी, के रूप में हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में बैंक मैनेजर कमलजीत सिंह ने बताया कि अमनदीप कौर मई 2023 से बैंक की इस शाखा में तैनात थी।
आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उसने बैंक के विभिन्न खातों में तकनीकी हेरफेर कर 37,78,707 रुपये की राशि अवैध तरीके से निकाल ली। इस धोखाधड़ी से जहां आरोपी को निजी लाभ पहुंचा, वहीं बैंक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जब बैंक प्रबंधन को इस गड़बड़ी की जानकारी मिली तो मामले की जांच की गई और सितंबर 2025 में इसकी शिकायत पुलिस को सौंप दी गई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस अमनदीप कौर की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि इस पूरे वित्तीय घोटाले की परतें खोली जा सकें।









