
संगरूर: पंजाब के संगरूर जिले के गांव नमोल में बीती रात दिल दहला देने वाली चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने एक घर में घुसकर 92 तोले सोना और लगभग ₹2.35 लाख नकद चोरी कर लिए। यह चोरी गांव में लंबे समय बाद हुई सबसे बड़ी वारदात मानी जा रही है।
घटना सुनाम विधानसभा क्षेत्र के गांव नमोल की है, जहां चुहड़ सिंह उर्फ भोला सिंह नंबरदार के घर चोर रात को पिछली दीवार फांदकर घुसे और स्टोर रूम व अलमारियों से नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। उस वक्त परिवार के सदस्य पुराने घर के एक कमरे में सो रहे थे।
भोला सिंह के भतीजे रमनदीप सिंह ने बताया कि चोरी गए गहने उनके विदेश में बसे बेटा-बेटियों के थे। गांव के सरपंच बाबू सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद पुलिस को सूचना दी और स्थानीय थाना चीमा के एस.एच.ओ. विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट जांच में जुटी हुई है।









