
समराला की एक कॉलोनी में नशेड़ी पड़ोसी ने वकील और उसके परिवार पर कृपाण से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वकील, उसकी पत्नी और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित वकील कुलतार सिंह ने बताया कि वह प्रैक्टिस के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी पड़ोसी बिल्लू ने अचानक कृपाण से हमला कर दिया। बचने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिल छोड़ दी, लेकिन आरोपी ने उन्हें जमीन पर गिराकर वार करना शुरू कर दिया। बचाने आई उनकी मां रणजीत कौर के कान के पास गहरी चोट आई, जिसके लिए 9 टांके लगे, वहीं पत्नी मनप्रीत कौर का हाथ टूट गया और सिर पर भी चोट आई।
वकील का आरोप है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से उनके घर के बाहर गालियां देता रहा है और नशे का आदी है। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोग भी आरोपी से परेशान हैं और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।








