
पंजाब में कई स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। दरअसल, शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव के बावजूद कुछ प्राइवेट स्कूल निर्धारित समय से पहले स्कूल खोल रहे हैं, जिसे लेकर पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने शिक्षा विभाग से सिर्दयों में निजी स्कूलों के खुलने के समय के बारे में पूछा है।
आयोग के अध्यक्ष कंवरदीप सिंह ने कहा कि कई प्राइवेट स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों की अनदेखी करते हैं और निर्धारित समय से पहले स्कूल खोलते हैं, जिससे कोहरे और ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इस संबंध में उन्होंने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, बाल संरक्षण अधिकारियों और पुलिस विभाग को स्कूलों में सरकारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
हाल ही में कई जगहों पर स्कूल बसों से हादसे के मामले सामने आए हैं, जिससे बच्चों की जान खतरे में पड़ गई थी, आयोग ने कहा कि अगर कोई स्कूल सरकारी आदेशों का पालन नहीं करता है और कोई दुर्घटना होती है तो इसके लिए संबंधित स्कूल के प्रिंसीपल और प्रबंधन जिम्मेदार होंगे। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि जो भी निजी स्कूल सरकारी आदेशों का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।









