
पंजाब में सर्दी अब अपना पूरा असर दिखाने लगी है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण दोपहर के समय भी ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 2–3 दिनों से पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का सीधा प्रभाव पंजाब के मैदानी इलाकों पर पड़ रहा है। आसमान में बादलों और धूप की आंख-मिचौली के चलते शाम से पहले ही ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने पंजाब के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 18 और 19 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि 20 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
राज्य में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अमृतसर के सीमावर्ती इलाकों और हिमाचल से सटे होशियारपुर क्षेत्रों में तापमान 7 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है। आने वाले 2–3 दिनों में धुंध बढ़ने से ठंड और तेज़ होने की संभावना है।








